शाहजहांपुर। शहर के हॉटस्पॉट मोहल्ला वाजिद खेल में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पड़ोस के मकान के छत का बाउंड्री गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला उसके दो मासूम बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। हादसे में महिला का एक बेटा घायल हुआ है, जबकि एक बाल-बाल बच गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब शुक्रवार सुबह करीब छह बजे पूरा परिवार घर के आंगन में जमीन पर बिस्तर लगाकर सोया हुआ था। लोगों का कहना है कि बंदरों के हिलाने की वजह से दीवार के ऊपर की कुछ ईंटें नीचे जा गिरीं, जो नीचे सो रहे लोगों के सिर में लगीं।
चौक कोतवाली क्षेत्र का मोहल्ला वाजिद खेल कंटेन्मेंट जोन होने से गलियां सील हैं। वाजिद खेल निवासी शबनम के पति मोहम्मद आसिम की मौत हो चुकी है। शबनम अपने चार बेटे और दो बेटियों के साथ पिता अल्ताफ के साथ मायके में रहती थी। उसका एक बेटा दानिश दिल्ली में रहता था। बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे शबनम (45) उसकी बेटी रूबी (20), चांदनी (3), बेटा शाबास (5), शुएब (11), राहिल (12) शाहिल (14) खाना खाने के बाद आंगन में जमीन पर बिस्तर लगाकर सोए थे। शबनम के पिता अल्ताफ अलग चारपाई पर सो रहे थे। उनके घर से सटा हुआ बड़े भाई अशफाक का मकान है, जिसमें उनके बेटे-बहुएं रहते हैं।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अशफाक के मकान की जीने के तरफ वाली दीवार के ऊपर से कुछ ईंटें अचानक नीचे गिर गईं जो अपने आंगन में सो रहे शबनम व उसके बच्चों के ऊपर जा गिरीं। बच्चों की चीख सुनकर अल्ताफ और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा तो शबनम और उसके दो बेटे व बेटियां लहूलुहान हालत में पड़े थे। उनके सिंह में गंभीर चोटें थीं। फौरन सभी को उठाकर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घाषित कर दिया। इस हादसे में शाहिल के सिर में चोटें आईं, जबकि उसी बिस्तर पर दूसरी तरफ मुंह करके सोया राहिल बाल-बाल बच गया। अशफाक के बेटे व शबनम के तहेरे भाई इमराजन का कहना है कि सुबह करीब छह बजे उनके मकान की छत पर कई बंदर आए थे। बंदरों के हिलाने पर दीवार की ईंटें नीचे गिर गईं।
हादसे की सूचना मिलने पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसपी एस आनंद समेत तमाम अफसर मौके पर जा पहुंचे। डीएम के सूचना देने पर मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान कर दिया। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
दीवार की ईंटें गिरने से एक महिला और उसके चार बच्चों मौत हुई है। मैंने मौका मुआयना करने के बाद पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये मुआवजा देने को कहा है। इसके अलावा पीड़ित परिवार की जो संभव मदद हो सकेगी वह की जाएगी।
- इंद्र विक्रम सिंह, डीएम