सीबीगंज। कैंफर फैक्टरी में भीषण धमाका और आग के बाद नालियों में बहे केमिकल का खतरा अब भी बरकरार है। इसके चलते फैक्टरी प्रबंधन ने नालियों के आसपास आग या माचिस जलाने पर रोक लगा दी है। वहीं, केमिकल की गंध के चलते आसपास के लोग अब भी मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार रात सीबीगंज स्थित कैंफर फैक्टरी के कैथलिक प्लांट में स्पार्किंग के बाद भीषण आग लग गई थी। केमिकल से भरे ड्रम जब आग की चपेट में आए तो वे तेज धमाकों के साथ फट गए थे। आग की ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई पड़ रहीं थीं। क्षेत्र के लोग बड़ी अनहोनी की आशंका के चलते दहशत में आ गए थे। गनीमत थी कि उस समय फैक्टरी में टी ब्रेक चल रहा था, इस वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। मगर कर्मचारियों के जेहन में आज भी धमाकों की याद ताजा है। कुछ कर्मचारी तो घटना के बाद से फैक्टरी ही नहीं लौटे हैं। वहीं, फैक्टरी प्रबंधन कैथलिक प्लांट में लगी आग से हुए नुकसान का आकलन करने में लगा है। नाले में बहा केमिकल साफ करने का काम शनिवार को भी जारी रहा। फैक्टरी प्रबंधन ने सभी सेफ्टी एवं सिक्योरिटी स्टाफ को हाईअलर्ट पर रखा है। नालियों के आसपास माचिस-लाइटर के प्रयोग और आग जलाने पर रोक लदा दी गई है। फैक्टरी परिसर में बने आवासों में रहने वाले लोग केमिकल की गंध के चलते अभी भी मास्क का प्रयोग कर रहे हैं।