वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार सुबह दौलतपुर गौटिया स्टैैंड के पास बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को चपेट में ले लिया। इनमें किशोर समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम के हालात रहे। सूचना पर बिसौली एसडीएम किशोर गुप्ता और सीओ सर्वेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे कुछ नौजवान रोज की तरह बुधवार सुबह दौड़ लगाने घर से निकले थे। करीब साढ़े पांच बजे नौजवान मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे दौड़ लगा रहे थे। इसी दौरान दौलतपुर गौटिया स्टैंड के वजीरगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। सिंगथरा निवासी गौतम श्रीवास्तव (20) पुत्र भगवान दास, सचिन (19) पुत्र लालता प्रसाद, नितिन (21) पुत्र लालू प्रसाद, अंकित (19) पुत्र मुन्ना सिंह और गांव का ही ताहिर (13) पुत्र इसरार ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक से दवा देने जा रहे यदु शुगर मिल के चालक दबतोरी क्षेत्र के गांव मुसिया नगला निवासी श्रीपाल (42) और बाइक चला रहा मिंटू भी ट्रक की चपेट में आ गए। ताहिर और श्रीपाल की मौके पर मौत हो गई, बाकी चारों नौजवान गंभीर घायल हो गए। मिंटू को भी चोटें आईं। इन लोगों को रौंदने के बाद अनियंत्रित ट्रक रोड किनारे खाई में घुस गया। मौका पाकर चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब डेढ़- दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। एसडीएम और सीओ बिसौली ने फोर्स के साथ पहुंचकर हालात सामान्य कराए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां गौतम और सचिन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गांव में जिसने भी सुना वह दुर्घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा
सिंगथरा गांव में दौलतपुर गौटिया मोड़ के पास हुए हादसे की खबर पहुंची तो अफरातफरी मच गई। दरअसल, गांव के लोगों को पता लगा था कि बेकाबू ट्रक ने गांव के कई नौजवानों को कुचल दिया है। इस बारे में जिसने भी सुना वह मौके पर दौड़ पड़ा। कुछ ही देर में यहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को काबू करने में पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में जान गंवाने वाला ताहिर गांव के ही स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। छह भाई-बहनों में चौथे नंबर का ताहिर अक्सर गांव के नौजवानों के साथ खेल-खेल में दौड़ लगाने आ जाया करता था।