लाल फाटक पुल शुरू होने में एनओसी बनी हुई है अब भी सबसे बड़ी बाधा
बरेली। शहर में विकास होता दिख तो रहा है, मगर इसका लाभ लोगों को कब मिलेगा, यह कोई नहीं जानता। शहर में तीन पुल बनते हुए महीनों बीत चुके हैं, बंद और उखड़ी पड़ी सड़कों की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन सब परेशानियों के बीच सेतु निगम ने खुशखबरी दी है कि आईवीआरआई पुल दिवाली से पहले शुरू कर दिया जाएगा। जल्द ही यहां सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
चौपुला पुल का सारा काम पांच छह महीने में पूरा करने का दावा किया जा रहा है, वहीं लाल फाटक पुल जल्द चालू होने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। कारण यह है कि इस पुल के रेलवे के हिस्से को बनाने के लिए एनओसी नहीं मिल पा रही है। हालांकि जितने पिलर रेलवे को बनाने हैं उनमें से एक को बनाने के लिए ड्रिलिंग शुरू कर दी गई है। इस पुल का सेतु निगम अपने हिस्से का काम लगभग पूरा कर चुका है।
स्थान- लाल फाटक पुल
980 मीटर लंबा यह पुल 2017 में स्वीकृत हुआ था। 84 करोड़ की लागत वाले इस पुल पर सेतु निगम अपने हिस्से का काम लगभग पूरा कर चुका है। यहां रेलवे ने भी अपने हिस्से पर काम शुरू कर दिया है। रेलवे ने पिलर बनाने के लिए खुदाई का काम शुरू करा दिया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही रेलवे यहां काम करके सेतु निगम को हैंडओवर कर देगा। इस पुल पर अब भी एनओसी का मामला लटका हुआ है। सेना के अधिकार वाली भूमि पर अभी निर्माण होना बाकी है। एनओसी के लिए रक्षा मंत्रालय तक मामला गया है लेकिन अभी हरी झंडी नहीं मिल सकी है।
स्थान- आईवीआरआई पुल
38 करोड़ की लागत से बन रहे इस पुल पर इस वर्ष मई में ही काम खत्म होना था। यहां सेतु निगम 95 फीसदी काम कर चुका है। अभी रेलवे रेलिंग की ढलाई का काम कर रहा है। रेलवे के हिस्से का काम पूरा होते ही पुल पर सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह के मुताबिक, एक महीने के अंदर ही रेलवे अपने हिस्से का काम पूरा कर पुल सेतु निगम के हैंडओवर कर देगा। सेतु निगम के जिला परियोजना प्रबंधक आईवीआरआई वीके सेन ने बताया कि पुल दिवाली से पहले शुरू कर देंगे।
स्थान- निर्माणाधीन चौपुला पुल
66 करोड़ की लागत से बन रहे 780 मीटर लंबे इस पुल पर भी काम तेज कर दिया गया है। एक साथ तीन अलग-अलग जगहों पर पिलर बनाने के लिए गड्ढे खोदे जा चुके हैं। अगले एक सप्ताह में तीनों जगह पर पिलर बना दिए जाएंगे। वहीं चौपुला से सिटी स्टेशन की ओर सर्विस रोड पर एक तरफ नाला निर्माण पूरा किया जा चुका है। बुधवार से सर्विस रोड की दूसरी तरफ भी नाला निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। सेतु निगम के जिला परियोजना प्रबंधक वीके सेन ने बताया कि अगले 15 दिनों में नाला निर्माण और पिलर की ढलाई का काम हो जाएगा।