शीशगढ़। कस्बे में पिछले कई वर्षों से बनकर तैयार राजकीय इंटर काॅलेज में शैक्षिक सत्र को चालू कराने के लिए चेयरमैन नीलोफर ने डीएम से मिलकर शिक्षकों की तैनाती की मांग की है। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी है।
वर्ष 2012-13 सपा शीशगढ़ के चेयरमैन रहे हाजी गुड्डू ने अपने प्रयासों से राजकीय इंटर काॅलेज की स्वीकृति कराई थी। कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती में बनने वाले इस काॅलेज का निर्माण पूरा होते-होते करीब दस वर्ष का समय लग गया। निर्माण कराने वाली संस्था ने कॉलेज के भवन को विभाग को सौंप दिया। गत वर्ष शैक्षिक सत्र चालू कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने एक सहायक अध्यापक की तैनाती भी की थी, लेकिन यह तैनाती केवल कागजों तक ही सीमित रही। अब फिर चेयरमैन नीलोफर ने शैक्षिक सत्र को चालू किए जाने का प्रयास किया है। संवाद