बरेली। बरेली-दिल्ली के बीच चलने वाली 14315 इंटरसिटी एक्सप्रेस के चेयरकार एसी कोच में एसी खराब होने के कारण ट्रेन को नॉन एसी स्लीपर कोच के साथ रवाना करना पड़ा। इससे यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
इंटरसिटी एक्सप्रेस के चलने का समय तड़के 4:55 बजे का है। बृहस्पतिवार को यह ट्रेन बरेली से 5:10 बजे चलाई गई। बुधवार रात यार्ड में ट्रेन की जांच की गई तो पता लगा कि सी-2 चेयरकार कोच का एसी काम नहीं कर रहा।
कोच में कुछ अन्य तकनीकी खराबी भी पाई गई। यार्ड में अन्य कोई एसी कोच भी उपलब्ध नहीं था। ऐसे में चेयरकार के स्थान पर स्लीपर श्रेणी का नाॅन एसी कोच लगाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
चेयरकार कोच में बैठने के लिए 73 सीट होती हैं, जबकि स्लीपर श्रेणी में 72 सीट होती हैं। हालांकि, स्लीपर श्रेणी के कोच में सीटों पर लेट कर यात्रा करने की सुविधा होती है। स्लीपर श्रेणी के इस कोच में एसी न होने के कारण यात्रियों ने शिकायत दर्ज कराई।
उनका कहना था कि उन्होंने किराया एसी श्रेणी का दिया है, जबकि उनको बिना एसी के कोच में यात्रा करनी पड़ रही है। डीआरएम आरके सिंह का कहना है कि दूसरा एसी कोच बरेली में उपलब्ध न होने के कारण ट्रेन को स्लीपर कोच लगाकर रवाना किया गया। संवाद