बरेली। गर्मियों की छुट्टियां अब खत्म होने की ओर हैं। 20 जून तक परिषदीय विद्यालय और एक जुलाई तक सभी शिक्षण संस्थान खुलने लगेंगे। एक जुलाई से न्याय पालिका में भी कामकाज शुरू हो जाएगा।
इससे पहले सैलानी पहाड़ों के साथ-साथ हरिद्वार, देहरादून, अयोध्या, काशी का भी रुख कर रहे हैं। ट्रेनों की एसी श्रेणियों में टिकट की मांग बढ़ गई है। ऐसे में रेलवे कई ट्रेनों में एसी तृतीय श्रेणी के कोच बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
बरेली से वाराणसी और अयोध्या, देहरादून की ओर रोजाना अप-डाउन 60 से ज्यादा ट्रेनों का आवागमन होता है।
गौर करने की बात यह है कि सभी ट्रेनों की स्लीपर श्रेणियों में वेटिंग लगातार बढ़ रही है। एसी श्रेणियों में नो रूम है। रेलवे ने योग नगरी ऋषिकेश-प्रयागराज, बरेली-वाराणसी, देहरादून-वाराणसी, दिल्ली-वाराणसी के बीच चलने वाली कई ट्रेनों में तृतीय श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी कर ली है।
कुछ ट्रेनों में एसी श्रेणी के कोचों की संख्या को बढ़ाया भी जा चुका है। एसी कोचों की संख्या बढ़ाने के बाद कुछ यात्रियों के टिकट कन्फर्म हो सकेंगे। हालांकि, वेटिंग लिस्ट लंबी होने के कारण इससे ज्यादा सहूलियत नहीं मिलेगी। संवाद