बरेली। बीसलपुर रोड स्थित नारायणा वर्ल्ड स्कूल में चल रही तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ।प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न खेलों के विजेता प्रतिभागियों को पदक, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
खो-खो प्रतियोगिता में आरोही विजयी रहीं। क्रिकेट प्रतियोगिता में वैदिक मिश्रा की टीम ने जीत हासिल की। बैडमिंटन के छात्रा वर्ग में सुरभि और गुरमन कौर व छात्र वर्ग में देव और गुरमन सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल मुकाबले में ग्रीन हाउस की टीम विजेता बनी। टीम में सनी, वैदिक, अंकुश, हर्षित, शेखर और अजमल शामिल रहे।
जूनियर वर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्ले ग्रुप की भव्या, प्री-नर्सरी की आरवी और शरण्या विजयी रहीं। फ्रॉग जंप में सृष्टि ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक वर्ग में ख्याति, आदित्य चौधरी, आदित्य कुमार, ईशानका और अनमोल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य आरसी धस्माना ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं और इससे उनमें आत्मविश्वास व टीम भावना का विकास होता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध तंत्र से विद्यालय अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. मुकुल अग्रवाल, मैनेजर नवीन कालरा, रोहित कालरा, सानिया कालरा, अनीता कालरा व रिवान भी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।