फरीदपुर। शाहजहांपुर नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए बरेली के अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे शाहजहांपुर नेशनल हाईवे पर हरियाली बाजार के सामने अज्ञात वाहन ने किनारे चल रहे युवक को टक्कर मार दी। वह गंभीर होकर हाईवे पर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए बरेली भिजवाया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, लेकिन उसे मानसिक रूप से बीमार बताया है।
00
होली मिलकर लौट रहे दंपती हादसे में हुए घायल
भंडसर। होली मिलकर लौट रहे पति-पत्नी सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गए। साथ ही उनके साथ बैठा दस वर्षीय पुत्र भी चोटिल हो गया। पीलीभीत के मोहल्ला पकड़िया निवासी रामनिवास व उनकी पत्नी हीरा कली बाइक से होली मिलने क्षेत्र के गांव धर्मपुर में आए थे। साथ में उनके दस वर्षीय पुत्र अंकित भी था, जो लौटकर अपने घर जा रहे थे कि गांव लभेड़ा के समीप दो कुत्ते लड़ते हुए मार्ग पर आ गए। उससे टकराकर बाइक फिसल कर दूर जा गिरी। इसमें तीनों घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। संवाद
बस की टक्कर से दो युवकों की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज
मीरगंज। हाईवे पर हुरहुरी तिराहे पर बस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित आदर्श कुमार सिंह निवासी गढ़ ग्राम बन्द्रह थाना पिहानी जिला हरदोई ने बताया कि उसका 27 वर्षीय भाई विनय प्रताप सिंह एवं 17 वर्षीय भतीजा रुद्रप्रताप को मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे हुरहुरी तिराहे पर पीछे से आ रही प्राइवेट बस ने रौंद दिया था, जिसमें दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद