अलीगंज। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर घायल हो गया। आनन-फानन में घायल को मझगवां सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में हालत बिगड़ती देख परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल में ले गए। घायल के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने टक्कर मारने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव किदौना निवासी जाकिर ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका भाई एजाज सुबह 9 बजे घर से बाइक लेकर किदौना-शेखूपुर चौराहे की तरफ आ रहा था। चौराहे के पास आते ही राजपुर कलां की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से एजाज गंभीर घायल हो गया, जिस बाइक से टक्कर हुई। उस पर चार लोग सवार थे, जो 70-80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आ रहे थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संदीप, नन्नोरी, अन्नू समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संवाद