आंवला। सडक हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
बुधवार रात आंवला-भमोरा रोड पर बिलौरी गांव के मोड़ पर गांव निवासी बाइक सवार पप्पू बाइक से सब्जी लेने जा रहे थे। उनकी बाइक को आंवला की ओर से आ रही बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक को मोहल्ला मोहब्बत गंज गौटिया निवासी अरविंद चला रहा था। मौके पर जमा हुए ग्रामीणों की सूचना पर परिजन गंभीर हालत में पप्पू को बरेली के एक अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल को सीएचसी लाया गया। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। संवाद
शादी में जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटी, 12 घायल
मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव तिलमास में शादी समारोह में आ रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली गोरा हेमराजपुर पुल के पास पलट गई, जिसमें 12 से अधिक लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने घायलों को बरेली के अस्पताल भेजा है।
क्षेत्र के तिलमास में असलम पुत्र सलमान खान के यहां बेटी की शादी का कार्यक्रम था। उसी शादी समारोह में थाना वजीरगंज बदायूं के गांव सुरसेना से एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से 24 लोग आ रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राॅली गौरीशंकर गुलड़िया की ओर से रात नौ बजे के आसपास गोरा हेमराजपुर के पास पहुंची। तभी असंतुलित होकर पलट गई, जिसमें सवार 40 वर्षीय शफीक पुत्र नत्थू, 35 वर्षीय रुखसाना पत्नी इरफान, 15 वर्षीय शिल्की पुत्री इरफान, 38 वर्षीय शकीला, 18 वर्षीय महबिश पुत्री शकील, 18 वर्षीय आलिया पुत्री सईद अहमद, 18 वर्षीय हिना पुत्री नवीरसूल आदि घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल भेज दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष मीरगंज प्रयागराज सिंह भी मौके पर पहुंचे। संवाद