बरेली। सेटेलाइट तिराहे पर जाम की समस्या से जूझ रहे राहगीरों को राहत देने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) वाई शेप फ्लाईओवर का निर्माण कराने की तैयारी में है। इसके लिए बीडीए ने उत्तर प्रदेश सेतु निगम से डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाकर शासन को भेज दी है। बरेली दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री की ओर से इसकी घोषणा होने की संभावना है। इस नए पुल पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
बीडीए की ओर से चार अप्रैल 2026 को फ्लाईओवर की डीपीआर तैयार करने के लिए सेतु निगम को पत्र लिखा गया था। सेतु निगम ने ईसाइयों की पुलिया से शाहजहांपुर रोड पर उतरने वाले पुल की कुल लंबाई 801 मीटर प्रस्तावित की है। इसमें श्यामगंज की तरफ 348.90 मीटर जबकि शाहजहांपुर की ओर 168 मीटर हिस्सा रहेगा।
एप्रोच रोड की बात करें तो इसकी कुल लंबाई 285.45 मीटर होगी। इसमें श्यामगंज की तरफ 144 मीटर जबकि शाहजहांपुर की तरफ 141.45 मीटर हिस्से का निर्माण होगा। सेटेलाइट तिराहे से पीलीभीत रोड पर उतारे जाने वाले पुल की लंबाई 337 मीटर होगी। इसमें 145 मीटर की एप्रोच रोड भी शामिल है।
इस फ्लाईओवर की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही है। सेटेलाइट तिराहे पर सुबह से देर रात तक जाम लगा रहता है। यहीं से पीलीभीत, लखनऊ, शाहजहांपुर, कानपुर, फर्रुखाबाद, टनकपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली जाने वाले वाहन गुजरते हैं। रोज करीब एक लाख लोगों का आवागमन होता है। सेटेलाइट बस स्टैंड से निकलने वाली रोडवेज बसें पीलीभीत रोड से घूमकर लखनऊ, कानपुर और दिल्ली की ओर जाती हैं। वाई शेप फ्लाईओवर बनने से जाम से राहत मिलेगी। शहरवासी सीधा पुल से होकर पीलीभीत रोड पर उतर सकेंगे।
फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगी मेट्रो
शहर में मेट्रो के संचालन के लिए रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) की ओर डीपीआर तैयार किया जा रहा है। बीडीए ने वाई शेप फ्लाईओवर पर काम शुरू किया तो पहले राइट्स की ओर से आपत्ति करने की आशंका जताई गई, लेकिन इस पर चर्चा होने के बाद बीडीए ने आखिरकार प्रस्ताव आगे बढ़ा दिया। राइट्स की ओर से भी इस पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। राइट्स के संयुक्त महानिदेशक पीके सिंह ने बताया कि उनकी ओर से मेट्रो की डीपीआर तैयार की जा रही है। अगर कहीं सेतु है तो मेट्रो का ट्रैक उसके ऊपर से निकाला जाएगा। सेटेलाइट पर तो पहले से फ्लाईओवर बना है। वाई शेप फ्लाईओवर की भी जानकारी है। इसलिए डीपीआर तैयार करते समय इसका ध्यान रखा जा रहा है।
वर्जन
सेटेलाइट तिराहे पर वाई शेप फ्लाईओवर के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस पर 70 करोड़ रुपये खर्च आने की संभावना है। इसके बन जाने से सेटेलाइट तिराहा, ईसाइयों की पुलिया पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। प्रस्ताव जल्द स्वीकृत होने की उम्मीद है। - - संदीप कुमार, सहायक अभियंता, बीडीए