बहेड़ी। नैनीताल हाईवे पर सड़क पार कर रहीं गांव आंखा गौटिया निवासी 50 वर्षीय किसबरी बेगम की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई। वह मंडनपुर स्थित एक निजी क्लीनिक पर भर्ती बेटे को खाना खिलाने के बाद घर लौट रही थीं। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि किसबरी बेगम के पति की 10 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उनके इकलौता बेटा आसीब इन दिनों मंडनपुर के एक निजी क्लीनिक पर भर्ती है। बृहस्पतिवार को वह बेटे को खाना खिलाने गईं।
वहां से दोपहर तीन बजे वह घर लौट रहीं थीं। नैनीताल हाईवे पर कट से सड़क पार करते समय किच्छा की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जिस बस से हादसा हुआ, उसकी तलाश की जा रही है। किसबरी की तीन बेटियों में से एक की शादी हो चुकी है।