किसानों के लिए बनाई पहिया कुदाल।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राजकीय बालिका हाईस्कूल अहलादपुर के छात्र विशाल यादव ने कबाड़ के सामान से मात्र पांच सौ रुपये में किसानाें के लिए बागवानी और सब्जी की फसलों की निराई के लिए पहिया कुदाल तैयार की है। जिला स्तर पर चयन के बाद उसे राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड योजना में शामिल किया गया। वहां भी उसका चयन हुआ। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने छात्र विशाल को सम्मानित किया। अब इस प्रोेजेक्ट को नेशनल लेवल की प्रदर्शनी के लिए चयनित किया गया है।
विशाल ने बताया कि वह अक्सर देखते थे कि फूलों, सब्जी आदि की फसलों की निराई खुरपी से करते हैं। इसमें श्रम के साथ ही समय भी बहुत लगता है। ऐसे में उन्होंने कुछ ऐसा बनाने का सोचा जिससे किसानों का काम आसान हो जाए। इस आइडिया पर कॉलेज की शिक्षिका वैशाली टंडन से बात की और फिर उनके निर्देशन में प्रोजेक्ट पर काम किया। कुछ सामान कबाड़ से खरीदा और घर में पड़े साइकिल के पुराने पहिए को लगाकर कुदाल बनाई। इसे हाथ से धकेल कर चलाते हुए खरपतवार नष्ट करने के लिए बागवानी और सब्जी की फसलों की निराई की जा सकती हैं। इससे एक घंटे में एक बीघा खेत की निराई आराम से हो सकती है। किसान इसका गन्ने की गुड़ाई करने में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। शिक्षिका वैशाली टंडन ने बताया कि इसे बनाना बेहद आसान है। मात्र एक हजार रुपये के खर्च पर इसे बनाया जा सकता है।