बरेली। अधिशासी अभियंता 33 केवी वर्टिकल महावीर सिंह के ठेकेदार नाजिम से रुपये लेने संबंधी मामले में जांच के लिए मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने दो सदस्यों की कमेटी गठित की है। यह कमेटी 15 दिन में जांच पूरी कर मुख्य अभियंता को रिपोर्ट देगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता महावीर के कार्यालय का एक वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ था। इस वीडियो में दिख रहा है कि कार्यालय में केवल ठेकेदार नाजिम और महावीर हैं। महावीर अपनी मेज की दराज खोलते हैं और नाजिम दराज में 500-500 के नोट की गड्डी रख देता है।
हालांकि, ठेकेदार ने शुक्रवार को ही सफाई देते हुए अधिशासी अभियंता के बचाव की कोशिश की। उसने कहा कि अधिशासी अभियंता ने उससे एक लाख रुपये उधार लिए थे जो बाद में वापस कर दिए।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि मामले में जांच अधीक्षण अभियंता ग्रामीण ज्ञानेंद्र सिंह और अधिशासी अभियंता वर्टिकल सतेंद्र चौहान को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संवाद