बरेली/फतेहगंज पूर्वी। बरेली। बिलपुर क्रॉसिंग पर शुक्रवार दोपहर एक बजे लकड़ी से भरी ट्रॉली हुक टूटने की वजह से पलट गई। इससे अप-डाउन लाइन की ट्रेनों का संचालन 50 मिनट तक ठप रहा। कई ट्रेनों को रास्ते के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
मीरानपुर कटरा से लकड़ी भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली टिसुआ प्लाईवुड फैक्टरी जा रही थी। बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय हुक टूटने के कारण ट्रॉली रेलवे लाइन पर पलट गई। इससे लाइन बाधित हो गई। मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम ने हाइवा मंगवाकर ट्रॉली और लकड़ियों को रेलवे ट्रैक से हटवाया गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। इस दौरान 15,212 जननायक एक्सप्रेस को 40 मिनट तक रोका गया। इसके अलावा 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस, 04214 आनंद विहार-अयोध्या विशेष ट्रेन, 15910 अवध असम एक्सप्रेस भी प्रभावित हुईं। अप-डाउन लाइन की दो मालगाड़ियों को भी रास्ते के स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
आरपीएफ चौकी इंचार्ज नरवीर सिंह ने बताया कि लकड़ी भरी ट्रॉली पलटने से 50 मिनट तक रेल ट्रैक बाधित रहा। ट्रैक्टर चालक शाहजहांपुर के छिकड़ापुर निवासी राजू को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं था और ट्रॉली ओवरलोड थी। रेलवे अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।