पंचायत चुनाव से पहले तैयार किए जा रहे थे तमंचे, किला पुलिस ने दबोचा
बरेली। पंचायत चुनाव से पहले शराब और अवैध हथियारों की तस्करी बढ़ गई है। शहर में बनाकर तमंचे देहात इलाके में सप्लाई किए जा रहे थे। किला थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र के एक खंडहर से भोजीपुरा क्षेत्र के हथियार तस्कर को हिरासत में लेकर आठ तमंचे बरामद किए हैं।
जिले में अवैध शस्त्रों का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। पंचायत चुनाव की नजदीकी से इसमें और इजाफा हुआ है। किला चौकी प्रभारी सनी चौधरी ने अपने क्षेत्र में संजय ट्रांसपोर्ट के पास खंडहर में छापा मारकर हथियारों का जखीरा बरामद किया। उन्होंने टीम के साथ दबिश देकर भोजीपुरा के जालिम नगला गांव निवासी खूबकरन गंगवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम को मुखबिर ने सूचना दी थी कि यहां बनाकर तमंचे और पौनिया देहात इलाकों में सप्लाई किए जा रहे थे। पुलिस को आरोपी के पास से पांच बने और तीन अधबने तमंचे बरामद हुए। शराब बनाने के उपकरण भी मिले। आरोपी के खिलाफ किला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।