दुधवा नेशनल पार्क की सोनारीपुर रेंज के सलूकापुर स्थित वॉटर होल के पास जंगल सफारी से बाघ का दीदार करने गए सैलानियों के उस समय होश उड़ गए जब उनके सामने अचानक बाघ आ खड़ा हुआ। जिप्सी को पास में देखकर बाघ गुस्से में आया और दहाड़े मारते हुए जिप्सी की ओर लपकने का प्रयास भी किया। हालांकि पार्क प्रशासन कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहा है और इसकी जांच किए जाने की बात कह रहा है।
रेडीमेड कपड़ा व्यापारी मुकेश गुप्ता करीब चार दिन पहले अपने दोस्तों के साथ दुधवा नेशनल पार्क घूमने गए थे। इस दौरान जंगल सफारी से वह सोनारीपुर रेंज के सलूकापुर पहुंचे तो एचडी सिंह रोड स्थित वॉटर होल के पास अचानक से एक बाघ उनके सामने आ गया। बताया जाता है कि बाबा ड्राइवर जिप्सी चला रहे थे, गुलाब गाइड के रूप में मौजूद थे। बाघ ने जैसे ही जिप्सी को अपने पास आते देखा तो वह गुस्से से दहाड़े मारकर गाड़ी की ओर बढ़ने लगा।
गाड़ी की ओर बढ़ते ही सैलानियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया जिसके बाद बाघ डरकर पास की झाड़ियों की ओर भाग गया। बाघ के जाते ही लोगों ने राहत की सांस ली। पार्क अधिकारियों का मानना है कि सैलानियों ने बाघ को छेड़ा होगा तब वह गुस्से में आकर दहाड़ा होगा। फिलहाल, वन विभाग वायरल वीडियो की पड़ताल कर रहा है। उधर इस बारे में पार्क के डिप्टी डायरेक्टर महावीर कौजलगि ने बताया कि उनको भी मामले की जानकारी हुई है जिसकी वह जांच करा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही वह पूरी तरीके से इस बारे में बता सकेंगे।