भुता। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर फ्लॉवर सिटी कॉलोनी के सामने मंगलवार रात 9:00 बजे कार की टक्कर से टेंपो खाई में गिर गया। टेपों चालक समेत पांच सवार घायल हो गए। कार चालक भाग गया। सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने घायलों को बरेली अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने भुता निवासी मजदूर सोमपाल (48) को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि फ्लॉवर सिटी कॉलोनी के सामने कार की टक्कर लगने से टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। टेंपों में सवार भुता निवासी सोमपाल, बलवीर, उनका बेटा शिवकुमार, बेटी रूबी और चालक जसवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर गई पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से बरेली अस्पताल भेजा। अस्पताल ले जाने के दौरान सोमपाल ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने सोमपाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। कार चालक की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
0000
हरियाणा में मजदूरी करने जा रहे थे सोमपाल
परिजनों ने बताया कि सोमपाल समेत सभी लोग टेंपो से हरियाणा में भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। सोमपाल की तीन बेटे और दो बेटियां हैं।