क्योलड़िया। अमीरनगर में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने कई गांवों में पहुंचकर खेतों और जंगल के आसपास कॉम्बिंग की। इस दौरान तेंदुए की मौजूदगी के संभावित स्थानों को खंगालने के साथ ग्रामीणों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।
अमीरनगर में पिछले दिनों कई अलग-अलग स्थानों पर तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में खौफ का माहौल बन गया था। इसके बाद वन विभाग ने दूसरे तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाया। शुक्रवार को डिप्टी रेंजर आनंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने अमीरनगर के अलावा अब्दला, बहर जागीर, भदपुरा, बड़ेपुरा और सिठौरा समेत आसपास के गांवों में अभियान चलाया।
वनकर्मियों ने खेतों और जंगल से सटे इलाकों में तेंदुए के पदचिह्नों व अन्य संभावित संकेतों की तलाश की। डिप्टी रेंजर आनंद सिंह ने बताया कि गांव के जंगलों में वन विभाग की टीम सर्च कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अभी जंगल की ओर न जाए। संवाद