बिशारतगंज के गांव कंधरपुर के मृतक रिटायर्ड होमगार्ड के दो फाइल फोटो
बिशारतगंज। छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली कर रहे रिटायर्ड होमगार्ड को सांड़ ने पटककर मार डाला। कुछ लोगों ने मौके से भाग कर तो कुछ ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई।
घटना शुक्रवार दोपहर थाना क्षेत्र के गांव कंधरपुर में हुई। थाना क्षेत्र के गांव कंधरपुर निवासी रिटायर्ड होमगार्ड नेतराम लोधी (62) शरीर से बेहद दुबले और बीमार थे। गांव से पूर्व दिशा में उन्होंने खेत में अपने पशुओं के लिए चारा बोया हुआ था, जिसकी रखवाली करने के लिए वह अधिकतर खेत पर ही रहा करते थे। शुक्रवार अपराह्न 12:30 बजे वह खेत के बराबर खड़ी यूकेलिप्टस के पेड़ की छाया में चारपाई डालकर बैठे हुए थे। उनके साथ गांव निवासी हरिशंकर, ज्वाला सिंह व सुंदर भी थे।
एकाएक वहां एक सांड़ दौड़ता हुआ आया और हमलावर हो गया। मौजूद लोगों ने सांड़ को भगाने की कोशिश की। इसी दौरान सांड़ ने नेतराम को उठाकर पटक दिया। सांड़ नेतराम को तब तक उठाकर पटकता रहा जब तक उनके प्राण नहीं निकल गए। वहां मौजूद लोग जैसे-तैसे भागे। हरिशंकर, जोकि विकलांग हैं, ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। सांड़ ने पेड़ में भी कई बार टक्कर मारी।
गांव निवासी बजरंग दल के कार्यकर्ता हरीश राजपूत ने बताया कि बड़ी संख्या में गांव वाले एकत्र होकर मौके पर पहुंचे और सांड़ को दौड़ाया। पेड़ पर चढ़े हरिशंकर को नीचे उतारवाया। ग्राम प्रधान पुत्र रवि की सूचना पर थाना पुलिस व पशु चिकित्सालय मझगवां की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर घेराबंदी कर सांड़ को बेहोश किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर रिटायर्ड होमगार्ड के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। घटना को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा पशुओं और सांड़ गंभीर समस्या बने हुए है, बावजूद इसके जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे।