असंतुलित होकर बाइक गड्ढे में गिरी, सिर में पत्थर लगने से हुई मौत
बरेली। आईवीआरआई रोड पर सड़क के दोनों किनारों पर खुदे गड्ढे ने युवक प्रिंस उर्फ तनु की जान ले ली। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन पहले डीडीपुरम के निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने भोजीपुरा रोड के मेडिकल कालेज ले जाने की सलाह दी। मेडिकल कालेज ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रेमनगर के जोशी टोला मुहल्ले में सुरेश शर्मा रहते हैं। वह हलवाई के साथ काम करते हैं। उनका बड़ा पुत्र प्रिंस उर्फ तनु (19) एकता नगर में एक मेडिकल की दुकान पर काम करता है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान से आईवीआरआई रोड पर किसी काम से जा रहा था। एक ट्रक को साइड देने की वजह से उसकी बाइक सड़क किनारे खुदे गहरे गड्ढे में चली गई। बाइक गिरने से उसके सिर में पत्थर लगने खून बहने लगा। आसपास वालों ने किसी तरह से उसे उठाया और परिजनों को सूचित किया। कुछ ही देर में सुरेश शर्मा लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। पहले वह प्रिंस को डीडीपुरम के निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों के मना करने के बाद वह भोजीपुरा रोड पर स्थित मेडिकल कालेज ले गए, लेकिन रास्ते में उसकी सांसे रुक गई। मेडिकल कालेज में डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। भोजीपुरा पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके निधन की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। मृतक प्रिंस दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। दवाई की दुकान में काम करके वह घर चलाता था। गौरतलब है कि आईवीआरआई रोड पर नगर निगम ने चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे गड्ढे खोद दिए हैं। काम न होने की वजह से सड़क करीब एक सप्ताह से ऐसी ही पड़ी हुई है। रात में आईवीआरआई रोड पर निकलना मुश्किल होता है। उसके पिता सुरेश शर्मा ने बताया कि लॉक डाउन की वजह से शादियों का काम भी नहीं है। मृतक की नौकरी करके घर चलाता था। यही हाल स्डेडियम रोड का है। जरा सी लापरवाही से बाइक सवार की जान पर बन आती है।