बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप का मैनेजर कमीशन लेकर पेट्रोल पंप के खाते से संदिग्ध देन-देन कर रहा था। पेट्रोल पंप की मालकिन के भाई अथर्व आर्य ने मैनेजर क्योलड़िया निवासी कांता प्रसाद व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अथर्व आर्य ने इंस्पेक्टर इज्जतनगर विजेंद्र सिंह को बताया कि उनकी बहन का इज्जतनगर में ओएसवाई फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर क्यूआर कोड के जरिये पेटीएम व अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान प्राप्त किया जाता है। 13 अप्रैल को संदिग्ध ऑनलाइन भुगतान मिला। इसके बाद उनके पास मुंबई से कॉल आई। कॉल करने वाले से उनसे कहा कि उनकी पत्नी के क्रेडिट कार्ड से उनके खाते में रुपये ट्रांसफर किए जा रहे हैं। इसी दौरान पेटीएम के जरिये 50 हजार रुपये का एक और भुगतान आया।
प्रथम दृष्टया उनके संज्ञान में आया कि पेट्रोल पंप का मैनेजर कांता प्रसाद धोखाधड़ी कर उनकी बहन के पेट्रोल पंप के खाते में संदिग्ध भुगतान ले रहा था। इसके बदले कमीशन लेकर नकद रुपये भुगतान करने वाले को दे रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।