सीबीगंज। घर के बाहरी हिस्से में बने कमरे में सो रहे शख्स पर दो लोगों को कातिलाना हमला कर दिया। गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की, लेकिन छीना-झपटी में तमंचा गिर गया। दोनों हमलावरों नें इसके बाद शख्स पर चाकू से कई वार किए। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के मौसेरे भाई ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीबीगंज के गांव पस्तोर निवासी नत्थू लाल के मुताबिक, उनके मौसेरे भाई लीलाधर (58) सोमवार रात गांव में ही अपने घर के बाहरी हिस्से में बने कमरे में सो रहे थे। दरवाजा खुला था। रात 12 बजे के बाद दो अज्ञात हमलावर उनके कमरे में घुस आए। उनके हाथों में चाकू और तमंचा था। आहट होने पर लीलाधर जाग गए। एक हमलावर ने तमंचा ताना तो लीलाधर ने तमंचा छीनने की कोशिश की। छीना-झपटी में तमंचा और कारतूस जमीन पर गिर गया।
इसके बाद हमलावरों ने लीलाधर पर चाकू से कई वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए। खुद को घिरता देख हमलावर अटरिया गांव की ओर भाग गए। आरोप है कि गांव का एक व्यक्ति घटना के दौरान कमरे के बाहर रोड पर खड़ा था। उसे लीलाधर ने पहचान लिया है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने घटनास्थल का मुआयना किया। रंजिशन हमले की आशंका जताई जा रही है। इंस्पेक्टर सीबीगंज सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद