बरेली। शाही थाना क्षेत्र के गांव गौसगंज में दो समुदायों के बीच मामूली बात पर विवाद के बाद भी संवेदनशील मामलों में पुलिस लापरवाही बरत रही है। भोजीपुरा के एक गांव में दूसरे समुदाय के युवकों पर किशोरी को ले जाने का आरोप लगा है। किशोरी की मां का आरोप है कि नामजद तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर ठंडे बस्ते में डाल दिया। पीड़ित परिवार ने अब एसएसपी से शिकायत की है।
महिला ने एसएसपी को बताया कि उसकी नाबालिग बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कर दूसरे समुदाय के युवक से निकाह कराने की कोशिश हो रही है। बेटी को आरोपी जबरन अगवा कर ले गए थे। इस साजिश में गांव के कई लोग शामिल हैं। उसने इन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कराने के लिए तहरीर दी पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
महिला के मुताबिक पुलिस झूठे आश्वासन देकर आरोपियों को फायदा पहुंचा रही है। महिला ने यह भी आशंका जताई है कि पुलिस का यही रवैया रहा तो गांव में दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ सकते हैं और विवाद हो सकता है। एसएसपी से शिकायत के बाद भोजीपुरा थाना पुलिस ने किशोरी की तलाश तेज कर दी है।
थाना प्रभारी रामरतन सिंह ने बताया कि महिला ने जो मोबाइल नंबर बताए थे, उनके आधार पर अज्ञात में मामला दर्ज किया था। नंबरों की डिटेल निकालकर आरोपी चिह्नित कर लिए हैं। नामजदगी और गिरफ्तारी जल्द हो जाएगी। ब्यूरो