बरेली। शासन ने मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) स्कीम के तीसरे चरण को हरी झंडी दे दी है। इससे शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। इस योजना के अंतर्गत महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक करीब डेढ़ किमी लंबी सड़क मॉडल रोड के रूप में विकसित की जाएगी। इसके लिए 36 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
नगर निगम के अनुसार, इस रोड पर डिवाइडरों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। सड़क के दोनों ओर व्यवस्थित और चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे। बिजली की लाइनों को भूमिगत किया जाएगा, ताकि सड़क सुरक्षित और साफ-सुथरी नजर आए। इसके साथ ही कोहाड़ापीर से प्रेमनगर धर्मकांटा तक की सड़क के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के काम को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसमें बाधक बन रहे अतिक्रमण को भी सख्ती से हटाया जा रहा है, ताकि सड़क की चौड़ाई मानक के अनुसार सुनिश्चित की जा सके। शहर के अन्य प्रमुख रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों जैसे मॉडल टाउन, राजेंद्रनगर और कोहाड़ापीर में भी जल निकासी और सड़कों की खस्ताहाल व्यवस्था को सुधारा जा रहा है। शासन की स्वीकृति के बाद अब इन प्रमुख क्षेत्रों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का काम जल्द ही धरातल पर नजर आने लगेगा।