बरेली के फरीदपुर में संपत्ति बंटवारे के विवाद में न्याय न मिलने से आहत युवक ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सामने पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। एसडीएम के समझाने के बाद युवक घर चला गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने उसके दो सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खनपुरा गांव निवासी सुमेंद्र के मुताबिक पिता की मौत के बाद संपत्ति तीनों भाई, मां व अविवाहित बहन के नाम आ गई है। दोनों बड़े भाई शादीशुदा हैं।वह अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। सुमेंद्र मां, बहन और दादी के साथ रहते हैं। बीते दिनों अविवाहित बहन ने अपने हिस्से का बैनामा उसके नाम कर दिया। इसको लेकर बड़े भाई देवेंद्र कुमार व ओमेंद्र कुमार नाराज हो गए।
पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा था युवक
सुमेंद्र ने बताया कि बीते दिनों आरोपियों ने उसके मकान पर भी कब्जा कर लिया। कई बार पुलिस से शिकायत की गई मगर सुनवाई नहीं हुई। उसकी जगह पर लगे ट्यूबवेल स्टार्टर को भी बीते दिनों खोल दिया। यहां रखा सामान भी फेंक दिया। न्याय न मिलने से आहत होकर सुमेंद्र बुधवार को हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा।
उसने खुद के ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। माचिस जलाने से पहले ही वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।सूचना पर पहुंचीं एसडीएम निधि डोंडवाल ने उसे समझाया। इसके बाद सोमेंद्र ने थाने पहुंचकर तहरीर पुलिस को दी। इसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चौकी पुलिस पर भगाने का आरोप
सुमेंद्र का आरोप है कि उसने मकान बनवाने के लिए 60 हजार रुपये का ऋण लिया था। यह रुपये घर में ही रखे थे। मकान कब्जाने के बाद आरोपियों ने यह रुपये भी गायब कर दिए। जब वह देवरिया चौकी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गाली देकर भगा दिया।
एसडीएम निधि डोंडवाल ने बताया कि यह मामला संपत्ति न्यायालय में चल रहा है। कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास करने की सूचना पर मैं मौके पर पहुंची। युवक को समझाकर घर भेज दिया गया है।