बरेली। जिले के मौसम में शुक्रवार को एक बार फिर बदलाव हुआ। दोपहर बाद काले बादल छाने के साथ ही धूल भरी आंधी चली। डीडीपुरम, राजेंद्रनगर और डेलापीर समेत अन्य इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। रात में भी बादल छाए रहे।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौंछारें पड़ने की संभावना जताई है। हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। सुबह-शाम ठंड का अहसास होने लगा है। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।