फरीदपुर। नगर पालिका की तरफ से सिंचाई विभाग की जमीन पर बगैर अनुमति रास्ता बनाने के कार्य को रुकवाने के लिए नलकूप उपखंड द्वितीय बरेली के जिलेदार ने विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजा है।
फरीदपुर में सिंचाई विभाग की जमीन कस्बे में है। पत्र के माध्यम से नलकूप विभाग के जिलेदार ने बताया कि इसके कुछ अंश पर 20 मीटर लंबाई, चार मीटर चौड़ाई पर नगर पालिका फरीदपुर के ठेकेदार द्वारा रास्ता बनाने के लिए इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है, जो कि नियम विरुद्ध है। बिना इजाजत लिए काम शुरू कराया गया है। उन्होंने इस पर रोक लगाने के लिए विभाग के सहायक अभियंता चतुर्थ फरीदपुर, एसडीएम फरीदपुर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को पत्र लिखा है। इधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है। जानकारी कर जांच कराई जाएगी। संवाद