छापे के दौरान हुक्का पीते मिले नाबालिग, नए साल के दौरान खोला था हुक्का बार
बरेली। पुलिस ने शहर में सख्ती की तो देहात में हाईवे किनारे ढाबों और दुकानों पर हुक्का बार चल निकले। भोजीपुरा पुलिस ने मंगलवार शाम को धौराटांडा कस्बे में कन्फेक्शनरी दुकान पर छापा मारा तो वहां हुक्का बार चलता मिला। पुलिस ने संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
भोजीपुरा पुलिस को सूचना मिली कि धौराटांडा कस्बे में लड्डू कन्फेक्शनरी में हुक्का बार चल रहा है। यहां अंदर कमरे में लोगों को बैठाकर हुक्का पिलाया जाता है। पुलिस टीम ने कन्फेक्शनरी दुकान की घेराबंदी कर वहां छापा मारा तो हुक्का बार चलता मिला। पांच-छह नाबालिग हुक्का पीते हुए मिले। पुलिस को मौके से चालू हालत में पांच हुक्के मिले। इसके अलावा यहां से तंबाकू के विभिन्न फ्लेवरों के 85 पैकेट, खुली कोयला टिक्की, 43 फिल्टर व अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दुकान संचालक धौराटांडा के मोहम्मद फरहान व वहां काम करने वाले ईशापुर गांव के शहीम पुत्र अब्दुल खालिक को गिरफ्तार कर लिया। जबकि हुक्का पीते हुए पकड़े गए नाबालिगों को छोड़ दिया। पूछताछ में पता चला फरहान ने नए साल में ही हुक्का बार खोला था। कन्फेक्शनरी की आड़ में रेस्टोरेंट खोलकर उसमें हुक्का बार चलाया जा रहा था।