कंफर्म आरक्षित टिकट लेकर ही विशेष गोमती एक्सप्रेस में कर सकेंगे यात्रा
लखीमपुर खीरी। ऐशबाग-मैलानी के बीच आज से स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू होगा। इस रेलखंड पर गोरखपुर मैलानी के बीच विशेष गोमती एक्सप्रेस ट्रेन दौड़ने लगेगी। हालांकि रेलवे ने ट्रेन संचालन की सौगात सिर्फ 31 जनवरी तक के लिए ही दी है। इसके बाद यह ट्रेन चलेगी या नहीं, इसके बारे में रेलवे बोर्ड ही राजस्व प्राप्ति के आधार पर निर्णय लेगा। फिलहाल इस स्पेशल ट्रेन से सफर करने के लिए कंफर्म रिजर्वेशन कराना होगा, जिसका 15 रुपये का अतिरिक्त चार्ज लगेगा। उधर, ट्रेन संचालन शुरू होने से पहले लोको पायलट और गार्ड ने मंगलवार को सीतापुर मैलानी के बीच इंजन दौड़ाकर रोड लर्निंग (ट्रायल) की।
लखीमपुर से प्रमुख स्टेशनों की आरक्षित किराया सूची
स्टेशन- फर्स्ट एसी स्लीपर सिटिंग
मैलानी-1175 145 55
गोला-1175 145 45
हरगांव-1175 145 45
सीतापुर- 1175 145 45
लखनऊ सिटी, ऐशबाग एवं लखनऊ जंक्शन- 1175 145 75
गोंडा- 1175 185 110
गोरखपुर- 1855 290 175
05एलकेएच 552, 553, 554
स्पेशल ट्रेन संचालन के लिए मैलानी स्टेशन तैयार
मैलानी। बुधवार शाम साढ़े पांच बजे स्पेेशल ट्रेन गोरखपुर के लिए रवाना होगी। इसके लिए स्थानीय रेलवे प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। ट्रेन में यात्रा करने वालों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए आरोग्य सेतु ऐप भी डाउनलोड करना होगा। मुसाफिरों को ट्रेन के समय से डेढ़ घंटा पहले स्टेशन पहुंचना होगा।
स्पेशल ट्रेन से यात्रा करने वाले मुुसाफिरों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। बिना मास्क स्टेशन पर इंट्री नहीं दी जाएगी। आरोग्य सेतु ऐप भी डाउनलोड करना होगा। यात्रियों को डेढ़ घंटे पहले स्टेशन पर आकर प्रोटोकॉल प्रक्रिया पूरी करनी होगी। कंफर्म टिकट पर ही यात्रा हो सकेगी। - अली जहीर, मुख्य वाणिज्य अधीक्षक, मैलानी जंक्शन