फतेहगंज पूर्वी। तेज गति से आ रही पार्सल स्पेशल ट्रेन से बिलपुर में जंगली जानवरों का झुंड टकरा गया। इंजन से कटे जानवरों के अवशेष दूर तक तक रेल पटरियों पर बिखर गए। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इसी दौरान वैक्यूम पाइप लीक होने से ट्रेन में तेज झटके लगे। हालांकि ट्रेन पलटने से बच गई।
बिलपुर रेलवे स्टेशन के होम सिगनल के पास सुबह करीब दस बजे बरेली से शाहजहांपुर की ओर जा रही तेज गति से दरभंगा स्पेशल गुजर रही थी। अचानक खेतों की ओर जंगली जानवरों का झुंड दौड़ता ट्रैक पार करने लगा। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोकना चाहा, मगर तब तक जानवरों का झुंट इंजन से टरका चुका था। टक्कर से कई जानवर बुरी तरह से जख्मी हो गये। कुछ जानवरों के अवशेष पटरियों पर बिखर गए। जानवरों की हड्डियों के वैक्यूम पाइप में फंसने से इंजन झटके लेते हुए बंद हो गया जिससे ट्रेन पलटने से बाल-बाल बच गई। इंजन का काऊकैचर भी खराब हो गया। लोको पायलट किसी तरह ट्रेन को शाहजहांपुर लेकर आया। इससे लखनऊ की ओर जाने वाली कई गुड्स ट्रेनों को टिसुआ, पीतांबरपुर, रसुईया और बरेली कैंट स्टेशनों पर रोका गया। संवाद