झांसी में हुआ हादसा, सेंथल का था निवासी, हादसे में दो अन्य घायल
सेंथल। उरई और झांसी के बीच हाईवे पर ट्रक का टायर बदल रहे चालक समेत तीन लोगों को रविवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने रौंद दिया। इसमें सेंथल निवासी चालक आकाश की मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। सूचना पर परिजन रवाना हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार कस्बा सेंथल के मोहल्ला पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय आकाश ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शनिवार सुबह आकाश सेंथल के ही रिजवान के साथ गाड़ी लोड कर झांसी जा रहा था। हादसे का शिकार हो गया। साथी चालक रिजवान ने बताया कि शनिवार सुबह वह दो गाड़ियों पर पेपर लोड कर झांसी के लिए निकले थे। एक गाड़ी पर रिजवान और आकाश थे, जबकि दूसरी गाड़ी नसीर और शकील चला रहे थे।
दोनों गाड़ी साथ में चल रही थी। तभी उरई और झांसी के बीच में उनकी गाड़ी में आगे दाहिनी तरफ का टायर पंचर हो गया। रात 2: 30 बजे टायर बदलने के लिए गाड़ियों को एक कस्बे के समीप शादी हॉल के पास रोका। रिजवान ने बताया कि वह गाड़ी के अंदर जाकर सो गया, जबकि आकाश, नसीर और नफीस गाड़ी का टायर बदलने लगे। तभी पीछे से आई तेज रोडवेज बस ने तीनों को रौंद दिया। इसमें आकाश की मौके पर हो मौत हो गई। नफीस और नसीर गंभीर घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर घायलों को अस्पताल और आकाश के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। संवाद
टेंपो हाईवे पर डिवाइडर से टकराया, भाई-बहन समेत चार घायल
डिडौली (अमरोहा)। कस्बे में हाईवे के फ्लाईओवर पर रविवार सुबह एक टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में आंवला के भाई-बहन समेत चार लोग घायल हो गए।
आंवला थानाक्षेत्र के कंचरी जाफरपुर निवासी रामू के बेटे सनी कुमार, मोनू, बेटी नीलम, नीलम का डेढ़ वर्षीय बेटा आलोक और 7 वर्षीय बेटा अर्जुन टेंपो से चंडीगढ़ से लौट रहे थे। टेंपो चालक रामपुर के शाहबाद का रहने वाला रिजवान है। टेंपो डिडौली में हाईवे फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में चालक रिजवान, सनी कुमार, मोनू और नीलम घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सनी कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसमें दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।
नेशनल हाईवे पर हादसे में दो घायल
फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर दो बजे के करीब बहगुल नदी के पुल पर एक कार और ई-रिक्शा में टक्कर हो गई, जिसमें दो लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मीरानपुर कटरा के छिकड़ापुर निवासी घायल धीरज और विपिन को घायलावस्था में निजी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि शाहजहांपुर की ओर से फतेहगंज पूर्वी की तरफ आ रहे एक ई-रिक्शा में पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घायलों को बरेली के अस्पताल में भेजा गया है। संवाद