आंवला। लोकतंत्र रक्षक सेनानी की शराब के नशे में बेटे ने बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान मां, पत्नी व बच्चों को दूसरे कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोहे का दरवाजा तोड़ने के बाद घायल को बचाया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की बहू ने अपने ही पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
आरोपी की पत्नी अंकिता सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पति अभिमन्यु सिंह चौहान कई दिनों से परिवार के सदस्यों के साथ विवाद कर रहा था। वह अपने पिता लोकतंत्र रक्षक सेनानी आनंदपाल सिंह पर मकान के समीप खाली पड़े प्लॉट को उसके नाम दर्ज कराने का दबाव बनाता।
आरोप है कि बृहस्पतिवार को शराब के नशे में आरोपी ने पत्नी, बच्चों व मां को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पिता को दूसरे कमरे में बंद करके उनकी लाठी-डंडों, लोहे की रॉड आदि से जमकर पिटाई की। आरोपी ने घर के सभी मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। जैसे-तैसे घर से बाहर निकली अंकिता ने सूचना मुरादाबाद स्थित मायके व पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने लोहे का दरवाजा तोड़कर घायल आनंदपाल सिंह को बाहर निकालने के बाद स्टेशन रोड स्थित अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर यहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर अंकिता के मायके वाले भी पहुंच गए। देर शाम फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तो आरोपी के चाचा ने पूरे मकान की धुलाई कर दी थी।
कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया आरोपी की पत्नी की ओर से पति अभिमन्यु चौहान के खिलाफ पिता की हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोपी के चाचा ने फील्ड यूनिट के पहुंचने से पहले ही साक्ष्य मिटाने की कोशिश की है।
सोशल मीडिया पर दी आत्महत्या की धमकी
आरोपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके पुलिस व अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पिता की पिटाई से पहले यह पोस्ट की थी।
-
आरोपी पर एक और रिपोर्ट
आंवला। मोहल्ला पक्का कटरा निवासी हर्ष शर्मा ने खेत पर कब्जा करने के उद्देश्य से नींव खोदने व रोकने पर राइफल तान देने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह को बताया कि मोहल्ला अबादानपुर में उनका खेत है। उसमें आरोपी अभिमन्यु चौहान भी अंशधारक है। बुधवार को आरोपी ने जबरन अपने अंश से ज्यादा जमीन पर अवैध कब्जा करके नींव खोदने की कोशिश की। रोकने पर अपने पिता की लाइसेंसी राइफल उनके ऊपर तान दी। लोगों ने उन्हें बचाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है। संवाद