बरेली। साइकिल चलाते वक्त शनिवार शाम करीब छह बजे वंश (10) सैदपुर हाकिंस के नर्सरी रोड नाले में गिर गया। पास में मौजूद व्यक्ति ने सतर्कता दिखाते हुए उसे तत्काल नाले से निकाला, जिससे जान बच गई। बालक को निकालने वाले दीपक मौर्य ने बताया कि वह करीब स्थित दुकान पर खड़े थे। उन्होंने बालक को नाले में गिरते देखा तो दौड़ पड़े और बाहर निकाला।
सुभाषनगर हो या सतीपुर, शहर के विभिन्न मोहल्लों में आबादी के बीच खुले नालों से समस्या बरकरार है। शासन के तमाम निर्देशों के बाद न तो नालों को ढका गया, न ही बैरिकेडिंग कराई गई। सबसे ज्यादा खतरे में वह लोग हैं जो आसपास रहते हैं। बच्चे खेलते-खेलते गिर रहे हैं। अगर तत्काल कोई न देख पाया तो जान जा सकती है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य आबादी के बीच नाले को ढकने के निर्देश जारी कर चुके हैं, लेकिन इसका असर नहीं दिख रहा। मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने कहा कि मौके का निरीक्षण करवाकर इंतजाम पुख्ता कराएंगे। ब्यूरो