फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लक्ष्य पूरा होने तक आरटीओ, बांट माप को वेतन नहीं

Fri, 08 Aug 2014 05:30 AM IST
Bareilly
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। मुख्य सचिव के दौर की तैयारियों में जुटे जिलाधिकारी ने लक्ष्य नहीं पूरा करने वाले लापरवाह विभागों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे विभाग का वेतन रोकने का आदेश दिया है। गाज गिरी है संभागीय परिवहन कार्यालय और बाट माप विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों पर। दोनों विभागों के कर्मचारियों से लेकर शीर्ष अधिकारियों तक का वेतन लक्ष्य पूरा होने तक रोक दिया गया है। डीएम संजय कुमार ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि जब तक लक्ष्य पूरा नहीं होगा, किसी का भी वेतन निर्गत नहीं किया जाए। साथ ही दोनों विभागों का लक्ष्य पूरा नहीं होने के मामले की बिंदुवार जांच के आदेश दिए हैं। जांच एडीएम एफआर करेंगे। इसके अलावा विद्युत निगम में बिलों की वसूली और संयोजन का लक्ष्य नहीं पूरा करने पर सभी एसडीओ और जेई की सूची एक दिन में तलब की है। साथ ही आबकारी, नगर निगम, मंडी समिति, सामाजिक वानिकी विभाग से लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने पर नाराजगी जताई।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर की मासिक समीक्षा में जिलाधिकारी ने लापरवाह विभागों को निशाने पर रखा। यात्रीकर में पिछले माह से भी कम वसूली करने वाले परिवहन विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए डीएम ने कहा कि आपकी लापरवाही के कारण जिला रैकिंग में नीचे है। वहीं बाट माप विभाग ने पिछले चार-पांच सालों में मंडी समिति के दुकानदारों का बाट माप का सत्यापन ही नहीं किया है। वहीं विद्युत निगम को कम वसूली पर नोटिस जारी करते हुए इस महीने 200 फीसदी वसूली का लक्ष्य दिया है। साथ ही लापरवाह एसडीओ और जेई की सूची और उनकी तैनाती अवधि एक दिन में तलब की है। इसके अलावा वादों के निस्तारण को शर्मनाक बताते हुए पूरा विवरण तलब किया है। साथ ही दाखिल-खारिज, खसरा खतौनी, आम आदमी बीमा योजना, सड़क दुर्घटना बीमा योजना आदि की गहन समीक्षा करते हुए रिपोर्ट मांगी है। वहीं अधिकारियों को चेताया है कि वह काम करेंगे तभी उनके साथ खड़े होंगे। बैठक में एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार आदि मौजूद थे।

हरियाली रोपकर मनाएंगे आजादी का पर्व
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू
बरेली। आजादी का पर्व मनाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वतंत्रता दिवस संबंधी सभी तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए।
विज्ञापन

तय किया गया कि 14 अगस्त तक प्रतिदिन हर चौराहे, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, महापुरुषों की प्रतिमाओं, उनके आसपास के पार्कों और मलिन बस्तियों में सफाई के लिए श्रमदान और विशेष अभियान चलाया जाएगा। 15 अगस्त को सुबह 6.30 बजे स्कूलों में प्रभातफेरी निकाली जाएगी। सुबह छह बजे लड़कियों की तीन किमी और लड़कों की छह किमी की दौड़ प्रतियोगिता होगी। सवा सात बजे महापौर द्वारा चौकी चौराहा स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी चौराहे पर महापौर द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह आठ बजे सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालय में झंडारोहण और राष्ट्रगान होगा। सुबह नौ बजे सभी विद्यालयों में खेलकूद और वृक्षारोपण, 10 बजे थाना किला पर सद्भावना रैली आयोजित की जाएगी। दोपहर 12 बजे जिला पंचायत सभागार में एक दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी, तीन बजे स्टेडियम में फुटबाल शाम चार बजे बरेली कालेज से राजकीय इंटर कालेज तक एनसीसी, पुलिस, होमगार्ड, स्काउट गाइड का मार्चपास्ट आयोजित किया जाएगा। शाम पांच बजे जिला पंचायत सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। शाम सात बजे एक दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता होगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें