बहेड़ी। डीजे बंद करवाने से भड़के कांवड़ियों ने बृहस्पतिवार को नैनीताल रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस के समझाने से बात नहीं बनी तो एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। किसी तरह कांवड़ियों को शांत कर मामला सुलझाया गया।
मधुकरपुर गांव के कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर गाजे-बाजे के साथ लौट रहे थे। जत्थे में गुडवारा, मंडनपुर और मोहम्मदपुर के कांवड़िए भी शामिल थे। थाने के पास पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया और डीजे उतारने को कहा। इस पर कांवड़िए भड़क गए। उन्होंने पुलिस की बात मानने से इन्कार कर दिया। सूचना पर थाने से फोर्स भी पहुंच गया। नोकझोंक बढ़ी तो गुस्साए कांवड़ियों ने नैनीताल रोड पर जाम लगा दिया। वाहनों की लाइन लगने की सूचना पर एसडीएम रामेश्वर नाथ तिवारी और सीओ अमर सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने समझाने की कोशिश की मगर कांवड़िए नहीं माने। इसके बाद प्रशासन ने प्रधान नवल किशोर मौर्या की मध्यस्तता में वार्ता कराई गई और कांवड़िए मान गए। सीओ ने पुलिस ने कहा है कांवड़ियों के शहर में प्रवेश से पहले डीजे आदि चेक कर लिए जाएं।
कोट
कांवड़ियों को पहले ही हिदायत दी गई है कि डीजे नहीं बजने दिए जाएंगे। शांतिपूर्ण माहौल में भोले की आराधना करें। पुलिस प्रशासन उनके साथ है। अनावश्यक रूप से विवाद से बच कर रहें।
-रामेश्वर नाथ तिवारी, एसडीएम बहेड़ी।
......