बरेली। सुबह बारिश ने भले मौसम कुछ ठंडा कर दिया हो लेकिन बिजली गुल कर दी। कई इलाकाें में तार टूटकर गिर गए और फाल्ट भी बेशुमार हुए। 132 केवी सबस्टेशन से जा रही लाइन टूट जाने से शाहदाना सबस्टेशन ठप हो गया। सैलानी में भी शाम को सड़क पर अचानक तार टूटकर गिर पड़ा और लोग इसकी चपेट में आते-आते बचे। जगतपुर के नवादा शेखान में पोल में करंट उतरने से कुछ लोगाें को झटके लगने से दहशत फैल गई।
बारिश की वजह से जगह-जगह फाल्ट होने से सुबह से रात तक बिजली गुल रही। रमजान के दिनाें में रात की कटौती पर पाबंदी के बावजूद सहरी, इफ्तार और तरावीह के दौरान बिजली नहीं रही। बारिश शुरू होते ही बिजली कट गई। यह दो घंटे बाद आई। इसके बाद रोस्टिंग हुई। शाम को साढे़ छह बजे के बाद भी बिजली गुल हो गई।
हर्जाने के लिए दायर करें वाद
लोग अपनी समस्याआें के निवारण के लिए जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष फोरम स्थाई लोक अदालत (पीएलए) व उपभोक्ता व्यथा निवारण फोरम (बिजली अदालत) में संपर्क कर सकते हैं। उपभोक्ता मामले के वकील मुहम्मद खालिद जिलानी ने बताया कि बिजली से जुडे़ मामलाें को लेकर उपभोक्ता सेवा में कमी की शिकायत का निवारण पाने के साथ हर्जाने और वाद व्यय का भी हकदार होता है। उपभोक्ता उप्र विद्यु़त नियामक आयोग, उप्र पावर कारपोरेशन लिमिटेड, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड लखनऊ को अपनी समस्याएं भी भेज सकते हैं।