बरेली। पति सांसद प्रवीण सिंह ऐरन की फिर से जीत के लिए लोगों के बीच निकलीं पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कांग्रेसियों के साथ मंगलवार को शहर में पदयात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने प्रवीण सिंह ऐरन के विकास कार्यों का हवाला देते दिया तो लोगों ने भी कहा कि हम ऐसे ही सांसद को चुनना चाहते हैं जो जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास की बात करता हो।
बिहारीपुर ढाल, कहरवान, कूंचा डालचंद, गली आर्य समाज, गली वजीर अली, मदारी दरवाजा, दर्जी चौक, कूंचा सीता राम, कन्हैया टोला, कौआ टोला आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क के दौरान सुप्रिया ऐरन ने लोगों की समस्याओं को सुना और उनको हल कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों को सांसद के प्रयास से बने फोरलेन, पेयजल, सीवर, ब्राडगेज आदि का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आगे भी बहुत सी योजनाएं हैं, जो तभी फलीभूत होंगी जब सबका समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी को मिले। पदयात्रा में संजय बिसारिया, इकबाल सिंह बाले, सुरेश गंगवार, हरीश यादव आदि शामिल रहे।