बरेली। परसाखेड़ा से ट्रैक्टर लूटने वाले बदमाशों की तलाश में सोमवार को पुलिस ने कई जगह दबिशें दीं लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसी जगह साल भर पहले कार सवार बदमाशों ने कमल डेयरी मालिक और उनके परिवार को लूटा था।
रविवार रात परसाखेड़ा का रियाजुद्दीन ट्रैक्टर से इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी गांव लकड़ियां पहुंचाकर घर लौट रहा था। हाइवे पर परसाखेड़ा चौकी से आधा किलोमीटर आगे कार में आए चार बदमाश ट्राली समेत ट्रैक्टर लूट ले गए। रियाजुद्दीन को उन्होंने हाथ-पांव बांधकर मिनी बाईपास रोड किनारे फेंक दिया। घटना की रिपोर्ट थाना सीबीगंज में लिखाई गई थी। सोमवार को पुलिस ने बहेड़ी, शेरगढ़, फतेहगंज पश्चिमी और मीरगंज इलाके में कई इलाकों में दबिश दी लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
करीब साल भर पहले परसाखेड़ा में ही कमल डेरी के मालिक जगदीश चंद्र, उनके भाई और घर की महिलाओं से नगदी, जेवर लूटने के साथ बदमाश कार लूटकर ले गए थे। इस घटना को टाटा सूमो सवार बदमाशों ने अंजाम दिया था।