पीलीभीत। 16वीं लोकसभा के गठन का बिगुल बज चुका है। लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम के अनुसार जिले का चुनाव देश के पांचवें और प्रदेश के दूसरे चरण में 17 अप्रैल को कराया जाएगा। इसके लिए 19 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। लोकसभा क्षेत्र में पीलीभीत की चारों विधानसभाओं के अलावा बरेली की बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता मिलकर सांसद का चुनाव करेंगे। डीएम ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर चुनाव की तिथियों एवं इससे जुड़ी जानकारियां दीं।
पांच साल के बाद देश में एक बार फिर चुनाव का समय शुरू हो गया है। बुधवार को सुबह इसकी तिथियों की घोषणा होने के साथ ही चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई। डीएम ओएन सिंह ने गांधी सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव का प्रथम चरण 10 अप्रैल हो होगा। द्वितीय चरण में 17 अप्रैल को पीलीभीत में चुनाव कराए जाने हैं। डीएम ने बताया इस बार जनपद के 13 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा बरेली की बहेड़ी विधानसभा के मतदाता भी पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान करेंगे। चुनाव की तिथियों की घोषणा होते ही सभी सरकारी अधिकारी-कर्मचारी चुनाव आयोग के अधीन हो गए हैं। उन्होंने आचार संहिता पर चर्चा करते हुए जनपद में विभिन्न स्थानों पर लगे सरकारी एवं निजी बैनर, होर्डिंग्स, पोस्टर आदि हटाए जाने के निर्देश पीडब्ल्यूडी एवं पालिका अधिकारियों को दिए। बृहस्पतिवार दोपहर तक होर्डिंग्स न हटने पर प्रशासन स्वयं इन्हें हटवाएगा और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम
नामांकन प्रारंभ 19 मार्च
अंतिम नामांकन 26 मार्च
नामांकन पत्रों की जांच 27 मार्च
नाम वापसी 29 मार्च
मतदान 17 अप्रैल
मतगणना 16 मई