बरेली। महाशिवरात्रि के मद्देनजर रेलवे ने एलर्ट जारी किया है। रेलगाड़ियों और स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस को चलती गाड़ियों में संदिग्ध लोगों की निगरानी की आदेश दिया गया है। हरिद्वार को आने-जाने वाली गाड़ियों में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम रहेंगे। प्लेटफार्मों पर भी पहरा बढ़ा दिया गया है।
चुनाव के माहौल में महाशिवरात्रि पर रेलवे ने खास सतर्कता रखने का फैसला लिया है। हरिद्वार की ट्रेनों में बढ़ती कांवड़ियों की आवाजाही के दृष्टिगत सुरक्षा का खास खाका तैयार किया है। जीआरपी ने कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ ट्रेन में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की निगरानी शुरू कर दी है। जनरल बोगी में सादे कपड़ों में पुलिस वालों की तैनाती की जा रही है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पुलिस मुख्यालय ने कांवड़ लाकर स्टेशन परिसर में विश्राम करने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के साथ जंक्शन, सिटी और इज्जतनगर रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध सामान और पार्सलों की भी चेकिंग की हिदायत दी है। जीआरपी थाना प्रभारी अयूब खान के अनुसार ट्रेनों में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त हैं।