बरेली। लैपटॉप वितरण के लिए 10 जून को बरेली आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गांधी उद्यान पार्क के सुंदरीकरण की घोषणा पर अमल शुरू हो गया है। नगर निगम ने गांधी उद्यान के कायाकल्प के लिए 13.54 करोड़ का स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता गयूर अहमद के मुताबिक बजट स्वीकृत होते ही गांधी उद्यान के सुंदरीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
ऐसे होगा पार्क का कायाकल्प
शासन की स्वीकृति मिलने के बाद गांधी उद्यान के ऊंचे-नीचे गड्ढे पाटकर पार्क का समतलीकरण होगा। एक योगा जोन बनेगा। पार्क में घूमने के लिए फुलवारियों के बीच पाथ-वे होगा। म्यूजिकल फाउंटेन पार्क की सुंदरता में चार चांद लगाएगा। नयी सोडियम लाइटें लगेंगी। नई बेंचें लगाई जाएंगी। इसके अलावा पुरानी बाउंड्रीवाल की मरम्मत होगी और पुराना गेट हटाकर नया गेट लगाया जाएगा। इस सब पर 13.54 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
3.97 करोड़ से चमचमाएंगी सड़कें
मेयर ने मुख्यमंत्री के सामने गांधी उद्यान से सर्किट हाउस चौराहे होते हुए चौकी चौराहे और प्रभा टाकीज होते हुए चौपुला चौराहे तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा था जिसे उन्होंने मान लिया दिया था। इन सड़कों के निर्माण पर 3.97 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।