बरेली। पंजाब के एक युवक ने यात्रा पार्टनर कंपनी की सीईओ की आईडी हैक कर एक लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने एसएसपी से इसकी शिकायत की। उनके आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामला साइबर सेल को भेज दिया है।
बड़ा बाजार पटवा स्ट्रीट स्थित मोबाइल रिचार्ज का कारोबार करने वाली यात्रा पार्टनर कंपनी का कॉरपोरेट ऑफिस रक्षाबंधन पर बंद था। कंपनी की सीईओ कविता सक्सेना ने बताया कि उसी दिन किसी ने वेबसाइट की आईडी हैक कर मोबाइल रिचार्ज एकाउंट से 28,650 रुपये निकाल लिए। रात करीब 11.45 बजे वेबसाइट चेक करने पर इसकी जानकारी हुई। अगले दिन डिटेल निकाली गई तो पता चला कि पंजाब के मंशा जिले के पवन कुमार के मोबाइल नंबर से उनके रुपये निकालकर लोगों के मोबाइल नंबर रिचार्ज किए गए हैं। 22 अगस्त को फिर डिटेल निकाली गई तो पता चला कि हैकर 12 अगस्त से वेबसाइट को हिट करके करीब एक लाख का बैलेंस निकाल चुका है। 23 अगस्त को इसकी जानकारी होने पर आरोपी ने उन्हें मोबाइल पर धमकाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने तृणमूल कांग्रेेस के नेता अंजुम बिसारिया के साथ एसएसपी से मिलकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली में साइबर एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।