बरेली। अयूब खां चौराहे पर लगे अवैध बैनर पोस्टर, झंडियां, ठेले और खोखे देखकर नगर आयुक्त शुक्रवार को बिफर पड़े। उन्होंने प्रभारी राजस्व निरीक्षक से तीन दिन के भीतर चौराहे के आसपास से अस्थाई अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये। इसके अलावा अयूब खां चौराहे से चौपुला रोड पर बड़ी मात्रा में पड़े गोबर और गंदगी को निर्देश के बाद भी न हटवाए जाने पर एनएसए और सफाई निरीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही बिना तिरपाल से ढके कूड़ा ले जाने पर ट्रैक्टर चालक अनिल पर भी कार्रवाई के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को पीलीभीत बाईपास और नैनीताल रोड पर कूड़े के ढेर और गंदगी मिली। उन्होंने सफाई निरीक्षक को नियमित कूड़ा उठवाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता सतीश कुमार से हार्टमैन कालेज रोड से मुख्य मार्ग पर सीसी निर्माण शुरू कराने, रामलीला ग्राउंड से बजरी, रेता का अतिक्रमण हटाने को कहा गया। जल निगम के अधिशासी अभियंता से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने और रोड कटिंग का चार्ज नगर निगम कोष में जमा कराने को पत्र लिखा गया। सीबीगंज की मंडी नगर निगम ने पूर्व में बंद करा दी थी। इसके बाद भी इस जगह पर सब्जी व्यापारियों ने टाट पट्टी डालकर अस्थाई अतिक्रमण कर रखा है। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता गयूर अहमद से संबंधित थानाध्यक्ष की मदद से अतिक्रमण हटवाने को कहा। किला ओवरब्रिज रोड पर गड्ढे और ओवरब्रिज की रेलिंग टूटी पायी गई। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग की रेलिंग की मरम्मत के लिए अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा गया है।