बरेली। गंगाशील अस्पताल की संचालिका डॉ. शालिनी ने बलात्कार प्रकरण में पीड़िता के साथ ही पुलिस और प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की है। उन्होंने कोर्ट में अर्जी देकर मामले की कोर्ट से ही मॉनीटरिंग करने की गुहार लगाई है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट छह की अदालत में दी गई अर्जी में डॉ शालिनी ने आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन इस मामले में अपने दायरे से बाहर काम कर रहा है और एसएसपी विवेचनाधिकारी को डिक्टेट कर रहे हैं।
पीड़ित लड़की की बात को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि युवती के अपनी मर्जी से किसी से शारीरिक संबंध बनाए और जख्मी होने पर घर वालों के सामने बात खुलने पर झूठी कहानी बनायी है। उन्होंने आरोप लगाया मेडिकल हाल को लेकर उनका सुशील माहेश्वरी से भी विवाद चल रहा है। उसकी प्रशासन पर भी मजबूत पकड़ है और पुलिस उसके हाथों की कठपुतली है। डॉ. शालिनी ने कोर्ट से गुहार लगाई कि जिलाअधिकारी, एसएसपी और संबंधित थाने से विस्तृत रिपोर्ट मंगाकर विवेचना की मानीटरिंग कोर्ट से ही हो। कोर्ट ने थाना प्रेमनगर से 22 जुलाई तक रिपोर्ट मांगी है।