बरेली। कैंट एरिया में नटराज सिनेमा के पास शुक्रवार शाम ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार रिटायर्ड सैनिक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया।
किला के बड़ी बमनपुरी निवासी कविंद्र वर्मा आर्मी एजुकेशन कोर से रिटायर थे। वह कैंट एरिया में कैंटीन से कुछ सामान लेने स्कूटर से जा रहे थे। नटराज सिनेमा के पास पीछे से आ रहे ट्रक से उनको धक्का लगा और बायीं ओर वह गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें आर्मी हास्पिटल पहुंचाया। आर्मी हास्पिटल में कुछ ही देर बाद कविंद्र की मौत हो गई। जानकारी होते ही उनके भाई आईवीआरआई के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. रिषींद्र भी अस्पताल पहुंच गए। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। दूसरे भाई पुष्पेंद्र की तहरीर पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।