बरेली। महिला ने अपने रिश्तेदार के नाम से दस लाख का लोन निकाल लिया। बैंक के बकाएदारों की लिस्ट में रिश्तेदार का नाम आया तो मामले का पता चला। पीड़ित दंपति ने छानबीन कर इस मामले की असलियत का पता लगाया। एसपी सिटी के आदेश पर धोखाधड़ी करने वाली महिला और उसके बेटे समेत बैंक कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रेमनगर के शाहबाद निवासी सुजात अली की पत्नी आरफा खातून ने एसपी सिटी को बताया कि फाइक इन्कलेव में रहने वाली उनकी रिश्तेदार शायरा परवीन ने उनके नाम से इंडियन बैंक की सिविल लाइंस शाखा से दस लाख का लोन ले लिया। लोन में नाम तो आरफा खातून का था मगर फोटो शायरा ने अपना लगाया था। आरफा खातून ने शायरा और उनके बेटे शोमाइल समेत कुछ बैंक कर्मचारियों पर जालसाजी करने का आरोप लगाया। पति सुजात अली के साथ वह बैंक के अधिकारियों से पूछताछ करने भी गई थीं लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो एसपी सिटी से शिकायत की गई। एसपी सिटी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने शायरा परवीन और उनके बेटे शोमाईल के अलावा बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।