बरेली। सीबीगंज के अटा कायस्थान के लोगों ने प्रेमनगर पुलिस पर इमरान नाम के एक युवक को बाइक चोरी के मामले में झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। गांव के करीब 50 लोग शुक्रवार को डीआईजी से मिले और न्याय की गुहार लगाई। डीआईजी ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।
इमरान के पिता असगर, रजा एक्शन कमेटी (युवा) के अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा खां, प्रधान यूनुस खां समेत 50 लोग डीआईजी से मिले। उन्होंने बताया कि थाना प्रेमनगर की चौकी अशरफ खां छावनी पर बुधवार को पुलिस ने इमरान को बुलाया था। पुलिस का कहना था कि वह महिलाओं को एसएमएस करता है। छेड़छाड़ के एक मामले में उससे पूछताछ करनी है। बृहस्पतिवार को अखबार में देखा तो पुलिस ने उसे लुटेरों का सरगना बना दिया। एक नहीं उस पर कई थानों की दर्जनों घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। जबकि इससे पहले उसने कोई अपराध नहीं किया। इमरान से तीन बाइकें, तीस मोबाइल, 30 हजार की नगदी और तीन लेडीज पर्स बरामद दिखाए गए हैं। परिवार वालों के मुताबिक इमरान को पुलिस ने बिना वजह फंसाया है। इमरान को पुलिस को सौंपने की गवाही देने पर भी कई लोग डीआईजी के पास पहुंचे और उन्होंने पुलिस की बनाई गई कहानी झूठी बताकर जांच की मांग की। डीआईजी ने एसएसपी को जांच कराने के आदेश दिए हैं।
---------
इमरान शातिर है। उसके परिवार वाले तो इस तरह की बातें करेंगे ही। पुलिस ने उसके खिलाफ जो कार्रवाई की है, वह सही है।
- एसकेएस प्रताप, प्रभारी निरीक्षक, प्रेमनगर