बरेली। वेदांता फाउंडेशन आफ इंडिया बरेली में पर्यावरण शिक्षक और गरीबी उन्मूलन अधिकारी के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने मेरठ के एक मास्टर माइंड को गिरफ्तार किया है।
बदायूं के कस्बा नूरपुर पिनौनी में रहने वाले राजकुमार दीक्षित ने बरेली मंडल और आसपास के जिलों में इस तरह की ठगी की शिकायत की थी। आरोप था कि इसका प्रचार करने वाले लोग ट्रस्ट अध्यक्ष समीर के नाम पर प्रत्येक पद के लिए तीन-तीन हजार रुपये जमा करा रहे हैं। 26 दिसंबर को इन लोगों ने तमाम बेरोजगारों को स्टेशन रोड स्थित अपने कार्यालय पर बुलाकर वसूली की। शक होने पर आवेदकों ने हंगामा करके आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था।
पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करके एक युवती समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को दरोगा सुभाष चंद्र शुक्ला ने सूचना मिलने पर समीर चौधरी निवासी 25/7-6 शास्त्री नगर आरटीओ रोड थाना मेडिकल मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि समीर चौधरी मास्टर माइंड है। वह बेरोजगारों को नौकरी का झांसा देकर ठगी कर रहा था। उसी ने ठगों का जाल बिछाया था। उसके साथियों की भी तलाश की जाएगी।